पुलिस को देखते ही भागे शराबी:बढ़ती वारदातों और सीएम दौरे से पहले होटलों में जांच, आहते की तरह पिलाई जा रही शराब

बैतूल शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, चाकूबाजी और सड़क हादसों के मद्देनजर कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टैंड स्थित कई होटलों और रेस्टोरेंट में ग्राहक शराब पीते पाए गए, जो पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुए। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के 23 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने कोतवाली क्षेत्र के होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, चाय की दुकानें, पान ठेले और देर रात तक खुले प्रतिष्ठानों की जांच की। कई स्थानों पर अवैध रूप से खुले प्रतिष्ठान मिले, जबकि कुछ होटलों में शराब पीते ग्राहक भी दिखे। बस स्टैंड क्षेत्र के कुछ होटल और रेस्टोरेंट में टेबलों पर शराब की बोतलें रखी मिलीं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि इन स्थानों का उपयोग शराबखोरी के अड्डों के रूप में किया जा रहा था। पुलिस बल को देखते ही कई शराब पीने वाले मौके से भाग निकले। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *