सतना में फायरिंग के 5 आरोपी गिरफ्तार:घर के बाहर हवाई फायर कर फैलाई थी दहशत, 2 फोर व्हीलर जब्त, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

सतना में 18 दिसंबर की रात नईबस्ती डोंगरी में हवाई फायर कर दहशत फैलाने के आरोप में कोलगवां पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो फोर व्हीलर भी जब्त की हैं, हालांकि घटना का मुख्य आरोपी और कुछ अन्य हमलावर अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। हवाई फायर कर दहशत फैलाई थी
यह घटना 18 दिसंबर की रात लगभग साढ़े 12 बजे हुई थी। दुर्गेश यादव और उनका परिवार खाना खाकर घर में सो रहा था, तभी तीन फोर व्हीलर गाड़ियों में आए बदमाशों ने उनके घर के बाहर गाली-गलौज की और हवाई फायर किए। इससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे। लोगों को बाहर आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। हड़बड़ी में उनकी एक गाड़ी सड़क किनारे बने चबूतरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस वारदात के बाद दुर्गेश के चचेरे भाई अमित यादव (24 वर्ष) की रिपोर्ट पर बदखर शराब दुकान के सेल्समैन राहुल सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें मझगवां निवासी समीर सिंह चौहान उर्फ भइया (20), भिंड के रतनूपुरा निवासी प्रदीप कुमार (32), दुर्ग (छत्तीसगढ़) के भिलाई निवासी प्रेम प्रताप सिंह उर्फ प्रताप (45), भिंड के चरपट निवासी अभिषेक शर्मा (26) और गढ़वा (झारखंड) के नगवा निवासी प्रमोद कुमार उर्फ पिंटू (35) शामिल हैं। उनके कब्जे से एक बोलेरो और एक इनोवा गाड़ी जब्त की गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बदखर, कृषि उपज मंडी और गहरा नाला स्थित शराब दुकानों में सेल्समैन के तौर पर काम करते हैं। फरार चल रहे अन्य आरोपी भी इसी कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *