नरसिंहपुर में मिल गेट पर कार खड़ी कर ड्राइवर फरार:फैक्ट्री के अंदर सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली सहित फंसे, गन्ना तुलाई प्रभावित

नरसिंहपुर के करेली स्थित करेली शुगर मिल में रविवार सुबह एक अज्ञात कार के कारण भारी जाम लग गया। मिल के मुख्य गेट पर कार खड़ी होने से सैकड़ों किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ फंस गए, जिससे मिल परिसर में आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गया। मेन गेट पर कार खड़ी कर गायब हुआ ड्राइवर जानकारी के अनुसार, देर रात एक अज्ञात व्यक्ति मिल के मुख्य गेट के सामने अपनी कार खड़ी कर गया था। कार का स्टेयरिंग लॉक होने के कारण उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका, जिससे मुख्य गेट से आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इस वजह से मिल के अंदर मौजूद वे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी बाहर नहीं निकल पाईं, जिनमें गन्ने की तुलाई पूरी हो चुकी थी। मिल गेट पर भारी अव्यवस्था से किसान आक्रोशित इस स्थिति से किसानों में भारी आक्रोश फैल गया और मुख्य गेट पर तनावपूर्ण हालात बन गए। मिल प्रबंधन के GGM अवस्थी ने बताया कि यदि गेट से आवाजाही जल्द बहाल नहीं हुआ, तो फैक्ट्री का संचालन भी प्रभावित हो सकता है। किसानों का कहना है कि वे पहले से ही गन्ने की समय पर तुलाई न होने से परेशान हैं, और इस नई अव्यवस्था ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दरअसल, शनिवार को भी करेली शुगर मिल में तुलाई में देरी के कारण लगभग दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *