मदनपुरा के गांव कालिया खेडी के तीन बच्चों को पालनहार योजना का फायदा मिल सकेगा। जिससे उनके सामने आर्थिक और पारिवारिक समस्या नहीं रहेगी। गांव की रहने वाली महिला ने मंत्री शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के सामने तीन अनाथ बच्चों को लाकर गुहार लगाई कि इन बच्चों के मां-बाप की मृत्यु हो गई है। यह तीनों बच्चे अनाथ हैं। अब इनके लालन पालन का सारा बोझ मेरे ऊपर आ गया है। मेरे पास कोई कमाई का जरिया नहीं है। महिला ने बताया कि उसके रिश्तेदार के बच्चे है लेकिन उसके खुद के घर की हालत खराब है। इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अनाथ तीनों बच्चों को पालनहार योजना में ढाई हजार रुपए प्रति बालक हर माह देने के लिए आवेदन भरने के निर्देश ग्राम विकास अधिकारी रुखसाना बानो को दिए। ग्राम पंचायत मदनपुरा के सरपंच सुनीता धाकड़ ने कहा कि वह बच्चों का पालनहार योजना में आवेदन भरवाकर जल्द ही पूरी कार्यवाही कर तीनों बच्चों को कुल 7.50 हजार रुपए की आर्थिक मदद शुरू करवा दी जाएगी। मदनपुरा के स्कूल में खुलेगी आर्टस सब्जेक्ट
ग्राम पंचायत मदनपुरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मदनपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में आर्टस सब्जेक्ट शुरू करने की घोषणा की। सरपंच ने अनुरोध किया था कि गांव के स्कूल में पर्याप्त संख्या में बच्चों का नामांकन है, लेकिन आर्टस सब्जेक्ट नहीं होने से बच्चों को दूसरी जगह प्रवेश लेने जाना पड़ता है। इस पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने आगामी सत्र 1अप्रैल 2026 से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल , मदनपुरा में कला संकाय प्रारंभ करने की घोषणा की। 2 ग्राम पंचायत में किया बर्तन बैंक का लोकार्पण
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने आज सुशासन पखवाड़ा विकास रथ यात्रा के तहत 2 ग्राम पंचायत में बर्तन बैंक का शुभारंभ किया। सबसे पहले ग्राम पंचायत मदनपुरा में नवीन स्थापित बर्तन बैंक का शुभारंभ किया! ग्राम पंचायत कार्यालय में संचालित की जाने वाली इस बर्तन बैंक में विधायक मदन दिलावर ने अपने कोष से एक लाख रुपए राशि देकर प्रारंभ किया है। बर्तन बैंक में 500 बर्तन सेट स्थापित किए गए हैं जिन्हें ग्रामवासी अपने सार्वजनिक आयोजनों में भोजन के उपयोग के लिए सिर्फ तीन रूपए प्रति सेट देकर किराए पर ले सकेंगे। एक बर्तन सेट में एक थाली,दो कटोरी, एक गिलास एवं एक चम्मच शामिल है।


