उज्जैन में क्रिसमस से पहले निकला कैरोल जुलूस:प्रभु यीशु के प्रेम और शांति का संदेश दिया; जुलूस में बैंड-बाजे, ढोल और बग्गियां भी शामिल

उज्जैन में क्रिसमस पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को ईसाई समुदाय ने कैरोल गीत गाते हुए एक जुलूस निकाला। इस जुलूस का उद्देश्य प्रभु यीशु के प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। जुलूस की अगुवाई बिशप सेबोस्टियन वड़क्केल ने की। उन्होंने बताया कि प्रभु ईसा मसीह के जन्मोत्सव की तैयारियां चर्च में शुरू हो चुकी हैं और पूरा ईसाई समुदाय इस आयोजन को लेकर उत्साहित है। यह जुलूस सुबह चर्च में प्रार्थना सभा के बाद देवास रोड स्थित कैथोलिक चर्च से प्रारंभ हुआ। इसमें आईजी बंगले के पास स्थित मसीही चर्च के सदस्य भी शामिल हुए। जुलूस में बैंड-बाजे, ढोल और बग्गियां शामिल थीं। सांता क्लॉज की वेशभूषा में बच्चे और बड़े, सभी उम्र के लोग कैरोल गीतों पर झूमते-नाचते और गाते हुए चल रहे थे। जुलूस देवास रोड से टॉवर चौक होते हुए वापस देवास रोड स्थित मारिया नगर चर्च पहुंचा। शहर के चर्चों में प्रभु यीशु के जन्मदिवस की तैयारियां चार दिन पहले से ही चल रही हैं। ईसाई समुदाय द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। चर्चों को विद्युत रोशनी से सजाया जा रहा है और प्रभु यीशु के जन्म से लेकर उनके जीवन पर आधारित झांकियां भी तैयार की जा रही हैं। पूरे ईसाई समुदाय में क्रिसमस उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *