एक लाख के इनामी सिराज के एनकाउंटर पर मिठाई बांटी:सुल्तानपुर में वकील की सरेराह हत्या की थी; यूपी में 2 घंटे में 2 बदमाश ढेर

यूपी में रविवार सुबह 2 घंटे के अंदर दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर हो गए। पहला एनकाउंटर सुबह 3 बजे बुलंदशहर में हुआ। यहां पुलिस ने 50 हजार के इनामी डकैत जुबैर उर्फ पीटर को मुठभेड़ में गोली मारकर ढेर कर दिया। पुलिस ने 15 किलोमीटर तक बदमाश का पीछा किया और फिर मार गिराया। पति के एनकाउंटर की खबर मिलते ही पत्नी बानो जिला अस्पताल पहुंच गई। शव को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगी। कहती रही- ये क्या हो गया। अब मैं कैसे जिउंगी। मेरे बच्चों का क्या होगा? दूसरा एनकाउंटर बुलंदशहर से 200 किमी दूर सहारनपुर में सुबह 5 बजे हुआ। यहां STF ने हिस्ट्रीशीटर सिराज को मार गिराया। उस पर एक लाख का इनाम था। सिराज ने करीब ढाई साल पहले सुल्तानपुर में सरेराह वकील आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या की थी। सिराज माफिया मुख्तार अंसारी के डी-68 गैंग का मेंबर था। 9 महीने पहले उसकी 4.66 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त हुई थी। सिराज के एनकाउंटर पर वकील आजाद अहमद के परिवार ने खुशी मनाई और मिठाई बांटी। आजाद के भाई मुनव्वर, पिता मोहम्मद सलीम ने सिराज के एनकाउंटर पर सीएम योगी, पुलिस विभाग और STF को धन्यवाद दिया। परिवार ने कहा- आज हमें न्याय मिलने का अहसास हो रहा है। प्रदेश में 85 दिनों में 14वां बदमाश एनकाउंटर में ढेर हुआ है। चलिए अब सिलसिलेवार तरीके से दोनों एनकाउंटर के बारे में पढ़ते हैं… पहले सहारनपुर एनकाउंटर के बारे में पढ़िए… यूपी STF को सूचना मिली थी कि सहारनपुर के गंगोह में सिराज किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही STF ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिराज सुल्तानपुर का रहने वाला था। उस पर हत्या, लूट, डकैती समेत 30 मुकदमे दर्ज थे। एनकाउंटर स्पॉट की 2 तस्वीरें- सुल्तानपुर में वकील को गोली मारकर हत्या की थी
8 अगस्त 2023 की शाम सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले वकील आजाद अहमद की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद सामने आया था। घटना के बाद से वह फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसके बाद पुलिस ने सिराज अहमद पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी STF को लगाया गया था। कई जिलों में लगातार दबिश के बावजूद सिराज पुलिस की पकड़ से बाहर था। वकील के परिवार ने बांटी मिठाई यूपी एसटीएफ ने वकील आजाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद को सहारनपुर में मुठभेड़ में मार गिराया है। सिराज 6 अगस्त 2023 को वकील की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। इस खबर के सामने आते ही सुल्तानपुर में वकील आजाद अहमद के परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। अधिवक्ता आजाद की मां ने कहा- बेटा तो लौटकर नहीं आएगा, लेकिन खुशी है कि अपराधी मारा गया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा था। योगी सरकार में यह कार्रवाई होगी, ऐसा विश्वास उन्हें पहले से था। तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सिराज और आजाद अहमद के घर के आसपास स्थानीय पुलिस और पैरामिलिट्री बल तैनात किया गया है। कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अब बुलंदशहर एनकाउंटर के बारे में पढ़िए… एनकाउंटर स्पॉट की 3 तस्वीरें- 2 महीने पहले जुबैर पर 50 हजार का इनाम घोषित हुआ था
SSP दिनेश सिंह ने बताया कि जुबैर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 नवंबर को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और नकदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसी साल 7 अक्टूबर को जुबैर ने गुलावठी के बकरा फार्म से 18 बकरे चोरी किए थे। इसके बाद डीआईजी मेरठ ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जुबैर पर बिजनौर, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद, हापुड़, आंबेडकरनगर, जौनपुर, दिल्ली और उत्तराखंड के कई थानों में 60 मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, डकैती, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। उसके पास से पिस्टल, जिंदा और खाली कारतूस, 6 मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। ससुर के घर रहता था, 1 साल से फरार था
पीटर मूल रूप से मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के गोलाबाढ़ का रहने वाला था। पीटर के 6 बच्चे हैं। दो बेटे और चार बेटियां। उसके पांच भाई थे, जिनमें से एक की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। पीटर की 20 साल पहले उमर गार्डन के रहने वाले इमरान की बेटी बानो से शादी हुई थी। पीटर ने 2006 में पहला क्राइम किया। इसके बाद एक के बाद एक अपराध करता चला गया। 9 साल पहले वह गोलाबाढ़ छोड़कर मदीना कॉलोनी में रहने लगा था। वहां पीटर ने अपना मकान खरीद लिया था, लेकिन लगातार अपराध करने के चलते उसका मकान बिक गया। इसके बाद वह अपने ससुर इमरान के घर पर रहने लगा था। पुलिस ने उसके ससुर के घर पर भी छापेमारी की थी। इसके बाद इमरान ने पीटर की बेदखली के कागजात बनवा लिए थे। वह एक साल से फरार था। आगे बढ़ने से पहले पोल में हिस्सा लेकर राय दें… 8 साल में 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया
राज्य सरकार के अनुसार, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इस दौरान 15,000 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें 31,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 10,000 से अधिक को गोली मारी गई। ————————– ये खबर भी पढ़िए उन्नाव का करोड़पति यूट्यूबर सिर्फ 9वीं तक पढ़ा:5 साल में 8 गाड़ियां खरीदीं, पिता बोले- दुबई में शादी लोगों को खटक रही उन्नाव का यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी। इस वक्त यूपी समेत देशभर में इसी नाम की चर्चा है। वजह- ईडी की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का मिलना। ईडी ने अनुराग से जुड़ी 10 जगहों पर एक साथ छापेमारी की। खाते के 3 करोड़ कैश फ्रीज कर दिए। 4 लग्जरी गाड़ियां जब्त कर लीं। घर से मिला 20 लाख कैश अपने साथ ले गए। दुबई में रियल स्टेट में किए गए निवेश संबंधी कागज की भी पड़ताल की। पूरी खबर पढ़िए

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *