फाइनेंस कंपनी लोन गबन में ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार:10 ग्राहकों के 3.5 लाख रुपये हड़पे, एक अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार

बूंदी पुलिस ने फाइनेंस कंपनी की लोन राशि के गबन के आरोप में फरार ब्रांच मैनेजर आर्यन राठी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। आरोपी आर्यन राठी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के साल्हापुर थाना कुड का निवासी है। कोतवाली पुलिस ने थानाधिकारी रमेशचंद आर्य के नेतृत्व में इस मामले में सफलता प्राप्त की। यह प्रकरण ESAF स्मॉल फाइनेंस कंपनी से संबंधित है, जहां उपभोक्ताओं की लोन राशि में धोखाधड़ी कर गबन किया गया था। घटनाक्रम के अनुसार, 21 जून 2024 को ESAF स्मॉल फाइनेंस, देव श्री कॉम्प्लेक्स, बूंदी के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर बिजेंद्र कुमार यादव ने बूंदी के सीजेएम न्यायालय में एक इस्तगासा (शिकायत) पेश किया था। इसमें बताया गया कि उनकी कंपनी ईएसएएफ स्वश्रय मल्टी स्टेट एग्रो कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड एक सहकारी संस्था है। यह संस्था ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को असुरक्षित ऋण और अन्य वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। शिकायत के अनुसार, कंपनी की बूंदी शाखा में आर्यन राठी शाखा प्रबंधक और सावन मेघवाल सीएसओ के पद पर कार्यरत थे। आर्यन राठी ने जून से सितंबर 2024 के बीच ई-साइन प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए 10 ग्राहकों के नाम पर 3,50,000 रुपए का अनधिकृत ऋण वितरित किया। आर्यन राठी ने ग्राहकों को यह कहकर गुमराह किया कि उनके ऋण आवेदन अस्वीकार हो गए हैं। इसके बाद उसने धोखे से ग्राहकों के एटीएम कार्ड प्राप्त कर लिए और उन कार्डों से पूरी राशि निकाल ली। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *