मोबाइल चलाने से रोका, युवकों पर पत्थरों से हमला:धार पुलिस ने ट्रैक्टर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र में मोबाइल चलाने को लेकर हुए हमले के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 17 दिसंबर 2025 को मेस्को डेम गिट्टी खदान क्षेत्र, अमझेरा डेम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, फरियादी दुर्गेश भलावी (16 वर्ष) अपने साथी अजीत कुमार (19 वर्ष) और सतीश कुमार (16 वर्ष) के साथ डेम के पास मोबाइल चला रहे थे। तभी अमझेरा से मुवाड़ की ओर जा रहे नीले रंग के ट्रैक्टर पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। उन्होंने मोबाइल चलाने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज की और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने जान से मारने की नीयत से अजीत कुमार और सतीश कुमार के सिर पर पत्थरों से हमला किया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। हमला करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अमझेरा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम मुवाड़ निवासी सुभाष वास्केल (26) और दिलीप बघेल (29) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने फरियादी और उसके साथियों के साथ पत्थरों से मारपीट करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में उप निरीक्षक नस्बदसिंह ठाकुर और प्रधान आरक्षक दिनेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *