भास्कर न्यूज | पाकुड़ एसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक हुई। बैठक में दिसंबर माह में प्रतिवेदित व निष्पादित कांडों की समीक्षा के उपरांत सभी थाना, ओपी प्रभारी व संबंधित शाखा प्रभारी को एसपी ने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जिसमें प्रमुख रूप से जनवरी के अंत तक कुल लंबित कांडों की संख्या को घटा कर 400 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लंबित साईबर कांडों व यूडी केस को भी त्वरित निष्पादन करने का आदेश एसपी ने दिया। इसके अलावे ट्रकों से कोयला चोरी व ट्रकों से ईंधन की हो रही चोरी पर पूर्णत: अंकुश लगाने के िलए नियमित रूप से अभियान चलाए जाने का आदेश एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को दिया। अवैध बालू, पत्थर के उत्खनन, परिवहन व भंडारण के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स के छापेमारी अभियान के दौरान आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटना के नियंत्रण व यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।


