भास्कर न्यूज |लातेहार/मनिका प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत मनिका के पंचफेड़ी चौक से बंदुआ भाया पल्हैया तक सड़क निर्माण कार्य में जिप सदस्य सहित ग्रामीण के विरोध के बाद चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने विभाग के कार्यपालक अभियंता को फोन कर पूरे मामले की जानकारी ली। सांसद ने कार्यपालक अभियंता को सीधे तौर पर कहा कि ग्रामीण जनता को सड़क निर्माण से कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सांसद ने सड़क निर्माण कार्य से पूर्व बने डीपीआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों का घर नीचे व सड़क उपर होने की बात ग्रामीणों के द्वारा कही जा रही है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को ग्रामीणों को सड़क निर्माण कार्य से हो रही परेशानी को अविलंब हल करने का निर्देश दिया। सांसद ने कहा हम उन्हीं जनता के बदौलत सांसद बने हैं, उनकी परेशानी हमारे लिए अहितकर होगा। गौरतलब है कि दस करोड़ से अधिक की राशि से 14.127 किमी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत पंचफेड़ी से बंदुआ भाया पल्हैया तक सड़क निर्माण की आधारशिला एक वर्ष पूर्व रखी गई थी।


