भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ एनसीसी डाई रेस्टोरेंट्स द्वारा आयोजित एनसीसी साइकिल रैली का जालंधर कैंट में भव्य स्वागत एनसीसी ग्रुप द्वारा किया। इस मौके पर बिग्रेडियर जोगिंदर सिंह जसवाल, वीर चक्र व सेना मेडल सेवानिवृत ने फ्लैग इन किया और एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर साइकिल रैली का का व्रज युद्ध स्मारक में अभिनंदन किया। इस दौरान बिग्रेडियर अजय तिवारी सेना मेडल ग्रुप कमांडर एनसीसी जालंधर, बिग्रेडियर जोगिंदर सिंह जसवाल समेत एनसीसी कमान अधिकारी और स्टाफ ने साइकिल रैली के इंचार्ज कर्नल सोमवीर डबास, एसोसिएट एनसीसी अफसर, सेना प्रशिक्षकों और कैडेट्स से वार्ता की। व्रज युद्ध स्मारक में ब्रिगेडियर अजय तिवारी, ग्रुप कमांडर, बिग्रेडियर जोगिंदर सिंह और कर्नल सोमवीर ने पुष्प चढ़ाकर रणबांकुरों को नमन और श्रद्धासुमन अर्पित की। युद्ध स्मारक पर एक मिनट मौन के साथ राष्ट्र के उन सभी रणबांकुरों को सेल्यूट कर याद किया, जिन्होंने 90 वर्षों के स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता के बाद विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान करते हुये अपने प्राणों की आहुति दी। बिग्रेडियर अजय तिवारी ने कहा कि रणबांकुरों के शौर्य, साहस, बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। राष्ट्र और समाज उनका हमेशा ऋणी रहेगा। बिग्रेडियर अजय ने बताया कि एनसीसी साइकिल रैली की शुरुआत हुसैनीवाला युद्ध स्मारक फिरोजपुर से 7 जनवरी को हुआ हैं। साइकिल रैली खेमखरण, अमृतसर, ब्यास, करतारपुर से होते हुये आज जालंधर कैंट पहुंची हैं। संध्याकाल में लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय फगवाड़ा में विश्राम लेगी। अगले दिन एनसीसी एकेडमी रोपड़ पहुंचेगी। साइकिल रैली चंडीगढ, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम से होते हुए 20 जनवरी को दिल्ली कैंट पहुंचेगी। डीजी एनसीसी 710 किलोमीटर का सफर तय करके दिल्ली में एनसीसी साइकिल रैली का स्वागत करेंगे। बिग्रेडियर अजय ने आगे कहा कि रैली का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की अलख, निस्वार्थ सेवा और समाज में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जगाना है। ब्रिगेडियर जोगिंदर सिंह जसवाल सेवानिवृत्त ने कहा िक मुझे एनसीसी कैडेटों का स्वागत कर बहुत प्रसन्नता हो रही हैं। बिग्रेडियर जोगिंदर ने मार्च 1970 मे 9 पंजाब रेजिमेंट में कमीशन लिया। 1971 के युद्ध में सेकेंड लेफ्टिनेंट जोगिंदर ने पंजाब के रानिया सेक्टर में 18 फ्रंटियर फोर्स पाकिस्तान द्वारा 9 पंजाब बटालियन की कंपनी पर कई दिनों तक विभिन्न हमलों को विफल किया। युद्ध में उनके अदम्य साहस और शौर्य के लिये महामहिम राष्ट्रपति द्वारा वीर चक्र से सम्मानित किया। असम में ब्रिगेड कमांड करते हुए आतंकवादी उल्फा ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप गोगाई को आत्म समर्पण के लिए कई प्रयासों के बाद मजबूर किया। केंद्र सरकार ने उनकी रणनीति और सूझबूझ के लिये सेना मेडल से नवाजा। साइकिल रैली द्वारा विभिन्न जिलों में युद्धस्मारक पर पुष्प अर्पित कर कभी न भूले जाने वाले रणबांकुरों को नमन कर याद किया। हुसैनीवाला युद्ध स्मारक फिरोजपुर से साइकिल रैली में आए हवलदार परमजीत सिंह ने कहा कि साइकिल रैली में 12 एनसीसी कैडेट्स हैं, जो सुबह 9 बजे से यात्रा शुरू करते हैं। हर रोज 60 किमी की दूरी तय करने के बाद रात में आराम करते हैं और 20 जनवरी को साइकिल रैली दिल्ली कैंट पहुंच जाएगी। सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को सम्मानित करते सेना के अफसर।


