गौशाला चुनाव में विवाद, युवक ने खुद पर डीजल डाला:तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जयपुर रेफर; 14 युवक हिरासत में

कोटपूतली की जयसिंह गौशाला में कार्यकारिणी चुनाव के दौरान पूर्व पार्षद ने खुद पर डीजल उड़ेल लिया। पूर्व पार्षद तारापूतली ने गौशाला में गौवंश के उपचार के लिए एम्बुलेंस और उपचार केंद्र की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके से करीब 14 युवकों को हिरासत में लिया है। समर्थकों के साथ पहुंचा था गौशाला जानकारी के अनुसार, तारापूतली अपने समर्थकों और कुछ अन्य युवकों के साथ जयसिंह गौशाला पहुंचा था। वे पूर्व कमेटी से चुनाव से पहले गौवंश के उपचार के लिए गौशाला खोलने और एक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने सभी युवकों को पीछे हटने को कहा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद युवक तारापूतली ने खुद पर डीजल उड़ेल लिया। डीजल उड़ेलने के बाद तारापूतली की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे अपने कब्जे में लिया और राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया। घटना स्थल से पुलिस ने लगभग 14 अन्य युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। उपचार शाला बनाए बिना चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का विरोध किया तारापूतली और अन्य युवकों का कहना है कि पूर्व में जयसिंह गौशाला के चुनाव टाल दिए गए थे। उस समय कमेटी ने गौसेवकों के लिए गौवंश के उपचार हेतु एम्बुलेंस और गौशाला में उपचार शाला बनवाने का वादा किया था। हालांकि, गौशाला कमेटी ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया और सीधे चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी का कुछ युवकों ने पुरजोर विरोध करने की कोशिश की। युवकों का आरोप है कि वे गौशाला पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन पुलिस ने अचानक उन पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्होंने कोई लाठीचार्ज नहीं किया। पुलिस ने केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *