जिले के डग कस्बे में डग-चोहमेला रोड स्थित थाने से 200 मीटर की दूरी पर स्थित खाद बीज की दुकान में शुक्रवार देर रात चोर घुस गए। चोर गल्ले में रखे करीब 9 से 10 हजार रुपए चोरी कर ले गए। सुबह व्यापारी दुकान पर पहुंचा तो चोरी का पता चला। व्यापारी संदीप जैन ने बताया कि देर शाम को हमेशा की तरह दुकान बंद कर घर गया था। सुबह जब दुकान खोलने आया तो शटर के ताले टूटे हुए पड़े मिले, लेकिन शटर लगा हुआ था। शटर के अंदर के ताले नहीं टूटने पर चोर दुकान के निकट ही लगे चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुसकर दुकान में जाने का दूसरा रास्ता लकड़ी के गेट का ताला तोड़कर दुकान के अंदर पहुंच गए। गल्ले में रखे करीब 9 से 10 हजार रुपए निकाल लिए। दुकान के ऊपर कमरे में रखा समान भी बिखरा हुआ मिला। व्यापारी ने तुरंत नजदीकी पुलिस थाने पहुंच अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। कुछ देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जानकारी जुटाई। टूटे हुए ताले देखे और बिखरे हुए समान का निरीक्षण किया। शहर में पहले भी 1 वर्ष में एक दर्जन बाइक की चोरियां हुई हैं, लेकिन आज तक पुलिस बाइक और बाइक चोर को पकड़ने में नाकामयाब रही है।


