रांची प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने दावा किया है कि शराब घोटाले की तरह गिरिडीह में भी घोटाला हुआ है। गिरिडीह में जल जीवन मिशन योजना में फर्जी बैंक गारंटी जमा करते हुए अवैध निकासी की गई। अजय ने आरोप लगाया कि आम आदमी का पानी तक हेमंत सरकार पी गई। जिस प्रकार शराब घोटाले में फर्जी बैंक गारंटी के जरिए भ्रष्टाचार की परतें उजागर हुई थीं, ठीक उसी तर्ज पर जल जीवन मिशन में भी फर्जी बैंक गारंटी और फर्जी निकासी के माध्यम से करोड़ों रुपए का घोटाला किया गया है। अजय ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी योजना है। इसका उद्देश्य वर्ष 2024 तक झारखंड सहित पूरे देश में हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था। लेकिन दुर्भाग्यवश झारखंड में यह महत्वाकांक्षी योजना भ्रष्टाचार, लापरवाही और भारी वित्तीय अनियमितताओं की भेंट चढ़ गई। एक ओर हेमंत सरकार केंद्र सरकार पर समय पर धनराशि न देने का आरोप लगाती है, वहीं दूसरी ओर केंद्र से प्राप्त राशि में व्यापक भ्रष्टाचार कर खुलेआम बंदरबांट किया जा रहा है।


