यूथ अगेंस्ट ड्रग्स अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वितरित की गई प्रचार सामग्री

लुधियाना| जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण द्वारा यूथ अगेंस्ट ड्रग्स अभियान के तहत जिला लुधियाना सहित उप-मंडलों खन्ना, पायल, समराला और जगराओं के विभिन्न स्थानों पर नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रचार सामग्री वितरित की गई। सीजेएम-कम-सचिव, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, लुधियाना सुमित सभ्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, लुधियाना की अगुवाई में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और अन्य स्थानों पर जाकर वकीलों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और पैनल वकीलों द्वारा विद्यार्थियों को नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशों की बुरी लत से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जारी किए गए टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बच्चों और युवाओं को जानकारी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे मदद और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। उन्होंने दोहराया कि माननीय सदस्य सचिव, पंजाब राज्य जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, एसएएस नगर तथा माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरपर् सन, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, लुधियाना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत 06 दिसंबर, 2025 को ‘नशों के विरुद्ध युवा’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया जा चुका है। ये अभियान 06 जनवरी, 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को नशों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त भविष्य की ओर प्रेरित करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *