गिरिडीह में समोसा दुकान चलाने वाली महिला को छेड़ा:विरोध करने पर फेंका गर्म तेल, परिजन लेकर पहुंचे अस्पताल, एक धराया

गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेदा पंचायत के गादी गांव में छेड़खानी का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोपियों ने महिला पर उबलता हुआ गर्म तेल डालकर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता को गंभीर हालत में सदर अस्पताल गिरिडीह में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं। उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। परिवार पालने के लिए चलाती है दुकान जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति दिव्यांग है। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। परिवार की जीविका चलाने के लिए महिला गांव में ही समोसा–पकौड़ी की छोटी दुकान चलाती है। रविवार की देर शाम दुकान पर उदय चौधरी और मनीष चौधरी नामक दो युवक पहुंचे। इसी दौरान लाइट कट गई। बदमाशों ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने दुकान में चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कढ़ाही उठाकर सीधे महिला पर फेंक दी। गर्म तेल गिरते ही महिला दर्द से चीख पड़ी। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता की हालत देखकर परिजन बेहद सदमे में हैं। अस्पताल में महिला के इलाज को लेकर परिजनों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने एक आरोपी हिरासत में लिया घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने सदर अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस दौरान एक आरोपी उदय चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *