छिंदवाड़ा में दिसंबर का आधा महीना बीतते ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तीसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। खासकर ग्रामीण अंचलों में सिहरन पैदा करने वाली ठंड पड़ रही है। शाम ढलते ही तापमान तेजी से गिर रहा है और लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह और देर शाम ठंडी हवाओं के कारण सड़कों और बाजारों में भी भीड़ कम नजर आ रही है। शहर में 7.5, गांवों में 5.2 डिग्री पहुंचा पारा बीते दिन जिला मुख्यालय में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में रात का पारा और नीचे गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल जिले में मौसम शुष्क बना हुआ है। रविवार को आसमान में हल्के बादल रहे, लेकिन दिन में हल्की गर्माहट रही। अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कोहरे का अलर्ट, बच्चे-बुजुर्ग रहें सावधान मौसम विभाग ने बढ़ती ठंड और कोहरे की संभावना को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है: फसलों पर निगरानी रखें किसान लंबे समय तक कोहरा रहने से फसलों में रोग लगने की आशंका है। विभाग ने किसानों को टमाटर, मिर्च, फूलगोभी और सरसों की फसलों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी है। साथ ही पशुपालकों को पशुशालाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने की हिदायत दी गई है।


