सागर की देवरी पुलिस ने ग्राम चिरचिटा सुखजू में 8 पेटी अवैध शराब जब्त की है। यहां तस्कर पुलिस और ग्रामीणों के डर से शराब को पुलिया के पास खंती में फेंककर भाग निकले। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। गांव में है शराबबंदी, सूचना मिलते ही सड़क पर आए लोग
जानकारी के अनुसार, ग्राम चिरचिटा सुखजू में ग्रामीणों ने खुद शराबबंदी लागू कर रखी है। यहां शराब पीने और बेचने पर सख्त मनाही है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे तस्करी कर रहे थे। देर रात ग्रामीणों को शराब तस्करी की सूचना मिली, तो वे इकट्ठे होकर सड़क पर आ गए। उन्होंने पुलिस को भी खबर दी। इसी बीच कार में शराब लेकर आरोपी वहां पहुंचे। सामने लोगों की भीड़ देख वे घबरा गए और शराब को कार से निकालकर पुलिया के पास खंती में फेंककर भाग गए। रायसेन से हो रही थी सप्लाई, कार से आए थे आरोपी
देवरी थाना प्रभारी समरथ सीनम ने बताया कि मौके से 8 पेटी प्लेन देशी शराब जब्त की गई है। जांच में शराब तस्करी के तार रायसेन जिले से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में आलोक पिता राजेश दुबे (निवासी नया नगर) और राम कृष्ण पिता हरिराम यादव (निवासी चिरचिटा सुखजू) पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।


