जोधपुर ग्रामीण की ओसियां थाना पुलिस ने रात के समय पवन चक्की पर लगे ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किया गया ऑयल सहित पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपी चोरी के लिए पहुंचे थे लेकिन सिक्योरिटी गार्ड के मौके पर पहुंचने पर एक आरोपी भाग गया। जबकि दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। जिन्हें बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। ग्रामीण एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि ओसियां थाना क्षेत्र के गांव भांभूकी ढाणी धुंधाड़ा में सुजलॉन विंडमिल पवन चक्की है। यहां पर लगे ट्रांसफार्मर से रात के समय चोरों की गैंग ने ऑयल चुरा लिया था। इसको लेकर 11 जनवरी को प्रार्थी जेठूसिंह पुत्र माधुसिंह राजपूत ने मामला दर्ज करवाया था। बताया कि वो प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर है जो पवन चक्की की जगह पर सुरक्षा व्यवस्था का काम देखते हैं। 10 जनवरी को रात करीब 10 से 11 बजे के बीच एक पिकअप में तीन लड़के आए और ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी कर ड्रम भरने लगे। कनेक्टिविटी बंद होने की वजह से कर्मचारियों को जानकारी मिली। उन्होंने जब सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे। मौके पर आरोपी सुरक्षा कर्मियों को देखकर भागने लगे। इस पर पिकअप गाड़ी को रुकवाया गया जिसमें तीन लड़के सवार थे। गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। जबकि दोनों को पड़कर नाम पूछे तो घनश्याम पुत्र राहुल राम ब्राह्मण निवासी श्रीराम नगर व संतोष पुत्र गोकलराम विश्नोई निवासी इंदो की ढाणी बताया। जबकि भागने वाले ड्राइवर का नाम राहुल सिंह पुत्र नरपत सिंह राजपूत निवासी नौसर था। आरोपी भागने के दौरान ट्रांसमीटर का कोक भी खुला छोड़कर इसके चलते कहीं लीटर ऑयल नीचे गिर गया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि टीम की ओर से तेल चोरी की सूचना पर टीम ने पिकअप तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर पांच खाली ड्रम और एक ड्रम ऑयल से भरा हुआ मिला। पिकअप में सवार दोनों युवकों को दस्तयाब कर पूछताछ की गई तो उन्होंने पवन चक्की पर ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने की वारदात करना स्वीकार किया। इस पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


