सीहोर में रविवार को कड़ाके की ठंड का असर जारी रहा। जहां जिले में सुबह से घना कोहरा छाया रहने से विजिबिलिटी मात्र 70 मीटर तक सीमित रही। जिले में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। नए साल की शुरुआत से ही सीहोर में हर दिन सुबह घने से कोहरे की स्थिति बनी रही है। शीतलहर के मद्देनजर सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने जनहित में महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने सभी शहरी और विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थाओं को शीतलहर से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों में सभी अस्पतालों को शीत प्रभावित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने, पर्याप्त दवाइयां और एंटीबायोटिक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आदेश दिया गया है कि वे शीत से बचाव की विधियों के बारे में लोगों को जागरूक करें और गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद ही जिला अस्पताल रेफर करें। साथ ही, अधिक संख्या में मरीजों को रेफर करने की स्थिति में जिला अस्पताल को पूर्व सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।


