धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कंचनपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और लंबित मामलों के जल्द निपटारे करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, रसोईघर और पुलिस बैरकों सहित पूरे थाना परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए। सांगवान ने थाना स्टाफ के साथ बातचीत की। उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान कंचनपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर वृत्ताधिकारी वृत्त सैंपऊ अनूप सिंह और थानाधिकारी कंचनपुर रामकिशन यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


