जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का समापन आज रविवार को हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और राज्य मंत्री कृष्ण कुमार विश्नोई ने भाग लिया। समारोह में राज्य स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही, शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, कला, पर्यावरण और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 युवाओं को ‘यूथ आइकन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इनमें जयपुर से प्रिंस तिवाड़ी और तनु प्रजापत, झुंझुनूं से पूजा शर्मा और वंशिका शर्मा, नागौर से नितेश कुमार शर्मा, अजमेर से गौरी माहेश्वरी सहित अन्य युवा शामिल थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “युवा, युवा ही रहता है। आज पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति को प्रथम स्थान दिलाने वाले स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। स्वामी जी के आदर्शों को युवाओं की धड़कन तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सिखाया कि हमारे भीतर अद्भुत शक्ति है, लेकिन हम उसे पहचान नहीं पाते। उनकी प्रेरणा थी – ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो।’ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कर्म करना हमारा धर्म है और कर्म के आधार पर फल की प्राप्ति अपने आप होती है, जैसा भगवान कृष्ण ने भी कहा है। मैं सभी युवाओं से आह्वान करता हूं कि अपने सपनों को साकार करें और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।” मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘युवा साथी केंद्र’ का वर्चुअल उद्घाटन किया। खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने भी युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति और कौशल विकास के जरिए युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राजस्थान को राइजिंग स्टेट बताते हुए युवाओं के लिए उद्योग, रोजगार और स्किलिंग के अवसरों पर बल दिया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने महोत्सव के जरिए राजस्थान की युवा ऊर्जा और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाया।


