धौलपुर जिले के दिहौली थाना क्षेत्र में श्यामू की घेर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक मजदूरी करके मध्य प्रदेश से वापस अपने घर लौट रहा था। युवक की मौत होने के बाद उसके शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है। जिला अस्पताल की मॉर्चुरी पर पहुंचे युवक मोनू (25) पुत्र मुन्नालाल निवासी नदौरा के परिजनों ने बताया कि युवक पूर्व में हलवाई का काम करता था। जो वर्तमान में दतिया जिला ग्वालियर में पत्थर लगाने का काम कर रहा था। शनिवार को युवक दतिया से काम कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान श्यामू की घेर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। युवक को घटनास्थल से पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित करते हुए शव अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवा दिया। घटना के बाद पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेते हुए फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा घटना की रिपोर्ट देने के बाद मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।


