राजस्थान सरकार के परिवहन आयुक्त द्वारा टैक्सी वाहनों पर लगे लगेज कैरियर हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। इस आदेश से टैक्सी ड्राइवरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर सिरोही जिले की समस्त टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर जिला मुख्यालय पर बैठक की। बैठक के बाद, यूनियनों ने जिला कलेक्टर सिरोही के माध्यम से परिवहन मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि टैक्सी वाहनों में लगेज कैरियर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसे हटाए जाने से यात्रियों का सामान रखने में कठिनाई होगी। यूनियनों ने तर्क दिया कि इस आदेश से टैक्सी चालकों की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। विशेषकर पर्यटन क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों और पहाड़ी इलाकों में टैक्सी सेवाओं के लिए यह व्यवस्था बेहद जरूरी है। यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि इस आदेश पर पुनः विचार किया जाए। उन्होंने टैक्सी वाहनों पर लगेज कैरियर रखने की अनुमति को यथावत जारी रखने की अपील की है। इस अवसर पर सिरोही जिला अध्यक्ष कपूरजी माली, मो. रफीक शेख, माउंट आबू अध्यक्ष प्रवीण सिंह परमार, देवी लाल बामनिया, आबूरोड अध्यक्ष फिरोज खान पठान, अध्यक्ष सोहनलाल बंजारा, पिंडवाड़ा अध्यक्ष कालूराम माली, कांति लाल वैष्णव, वाई सिंह जी, छगनलाल चौहान, रफीक पठान, गरीब मोहम्मद, दिलीप कहार सहित जिले के अनेक टैक्सी यूनियन पदाधिकारी और चालक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से टैक्सी चालकों और आम यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आदेश में संशोधन करने की मांग की।


