बारां जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.41 क्विंटल डोडा चुरा जब्त किया है। हरनावदाशाहजी पुलिस ने परवन नदी के बीलखेड़ा पुलिया से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर बिना नंबर की कार में मादक पदार्थ ले जा रहा था। एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी राजेश चौधरी और डीएसपी विकास कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी बृजेश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दहलनपुर निवासी हरिराम पुत्र नोंदीलाल लोधा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी बृजेश सिंह के साथ एएसआई डालूराम, एएसआई रमेशचंद्र, जितेंद्र, बांके बिहारी, ओमप्रकाश, मोनू सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


