एक सपेरा को शराब पीने के बाद इस कदर नशा चढ़ गया कि वह शराब दुकान के सामने ही कोबरा सांप को छोड़कर भाग गया। मामला मध्यप्रदेश के जबलपुर का है। शराब दुकान के सामने नाग देखकर लोग शराब भी नहीं खरीद पा रहे थे। काफी देर तक परेशान रहने के बाद दुकान संचालक ने सर्प विशेषज्ञ मौके पर बुलाया। कड़ी मशक्कत कर सांप को पकड़ने के बाद जंगल में छोड़ दिया गया। दरअसल, सोमवार की दोपहर को एक सपेरा पाटन दुकान पहुंचा और शराब खरीदने के बाद वहीं बैठकर पीने लगा। कुछ ही देर बाद वह इस कदर नशे में धुत हो गया कि उसे जरा भी होश नहीं रहा कि वह कहां पर बैठा हुआ है। शराब पीने के बाद सपेरा नाग की पोटली खोलकर, वहां से गायब हो गया। कुछ देर बाद जब शराब खरीदने के लिए कुछ लोग वहां पहुंचे तो देखा की पोटली के पास काला नाग बैठा हुआ था जिसे देखकर लोग डर गए। थोड़ी देर बाद नाग को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना था कि सांप की रक्षा कर रहे हैं ऐसा ना हो कि कोई शराब के नशे में दो तो होकर इस सांप को मार डाले। करीब आधे घंटे के बाद दुकान संचालक ने सर्प विशेषज्ञ को फोन लगाकर मौके पर बुलाया। इसके बाद कोबरा नाग का रेस्क्यू करते हुए उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।


