कटनी के बड़वारा को नगर परिषद बनाने की मांग:समाजसेवियों ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कटनी जिले के बड़वारा क्षेत्र को नगर परिषद का दर्जा दिलाने की मांग की गई है। सोमवार को ‘समाज सेवा विकास संस्था बड़वारा’ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि सर्वाधिक राजस्व देने के बावजूद बड़वारा का विकास पिछड़ा हुआ है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे समाजसेवी मैना सिंह ने बताया कि बड़वारा मुख्यालय से सरकार को प्रति वर्ष करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। यहां दो बड़ी सीमेंट फैक्ट्रियां और दर्जनों खदानें संचालित हैं। आबादी, क्षेत्रफल और रोजगार के अवसरों के मामले में बड़वारा नगर परिषद बनने की सभी पात्रताएं पूरी करता है। मैना सिंह ने आगे कहा कि उचित प्रशासनिक दर्जे के अभाव में यह क्षेत्र विकास से वंचित है। उन्होंने मांग की कि बड़वारा ग्राम पंचायत को जल्द से जल्द नगर परिषद का दर्जा दिया जाए। समाजसेवी राजाराम पटेल ने नगर परिषद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के पास संसाधनों की कमी है। नगर परिषद बनने से स्थानीय स्तर पर दमकल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो वर्तमान में आगजनी की स्थिति में जिला मुख्यालय से आने में देरी होने के कारण नुकसान को बढ़ा देती हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय का दर्जा मिलने से बिजली और पानी की निकासी की आधुनिक व्यवस्था संभव हो सकेगी। नए निवेश आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके अतिरिक्त, कचरा प्रबंधन और नगर की साफ-सफाई के लिए अधिक बजट और मशीनरी उपलब्ध हो पाएगी। उच्च अधिकारियों को प्रेषित करेंगे इस संबंध में नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह ने बताया कि समाज सेवा विकास संस्था द्वारा बड़वारा को नगर परिषद बनाने की मांग का ज्ञापन प्राप्त हुआ है। इसे आगामी कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों एवं शासन को प्रेषित कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *