खंडवा में रील बनाने के लिए सोमवार को एक नाबालिग मालगाड़ी ट्रेन पर चढ़ गया। इस दौरान हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से वह झुलस गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद इंदौर रेफर कर दिया हैं। डॉक्टरों के अनुसार, खंडवा जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज में सर्जिकल आईसीयू नहीं हैं। इस कारण उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल के लिए रेफर किया हैं। बारात में खरगोन से खंडवा आया था
घटना खंडवा रेलवे के मालगोदाम की हैं। नाबालिग की पहचान 16 वर्षीय खरगोन निवासी रेहान के रूप में हुई हैं। एमआईएम नेता बिलाल पेंटर ने बताया कि, घायल नाबालिग खरगोन शहर का है। जो एक शादी समारोह में बारातियों में शामिल होकर आया था। शादी समारोह घासपुरा क्षेत्र के बांग्लादेश मोहल्ले में था। बारात में आए रेहान ने खाना खाया और पास में ही मालगोदाम की तरफ चले गया। जहां मालगाड़ी खड़ी थी, वह उस पर चढ़ गया। गलती से छू हाइटेंशन लाइन छू लिया
उसके साथ गए दोस्तों ने बताया कि वह रील बनाने का शौकीन हैं। खरगोन में रेल सुविधा नहीं होने से वह रेल के बारे में अनजान था। गोदाम में मालगाड़ी ट्रेन खड़ी देखकर वह उस पर चढ़ गया और रील बनाने के लिए सेल्फी लेने लगा। इस दौरान उसने ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को गलती से छु लिया। करंट की चपेट में आने से वह तड़पते हुए मालगाड़ी से नीचे गिर गया। सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल ले गए। मामले में आरपीएफ थाना प्रभारी का कहना है कि, घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की सिटी कोतवाली पुलिस ही करेगी। इधर, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिरूद्ध कौशल का कहना है कि, 16 वर्षीय रेहान को शरीर में अंदरूनी चोटें भी आईं हैं। सर्जिकल आईसीयू की जरूरत होने से उसे इंदौर रेफर किया गया हैं।


