भोपाल के कमला नगर इलाके में रहने वाली एक महिला पटवारी की छत से गिरकर मौत हो गई। बच्ची का बैलून उतारने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे शेड की चादरों सहित पड़ोसी के घर में जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतका 32 वर्षीय मीनाक्षी पटेल रायसेन जिले की गौहरगंज तहसील में पटवारी के पद पर पदस्थ थीं। उनके पति सेना में कार्यरत हैं, जबकि ससुर पुलिस मुख्यालय में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। घटना 11 दिसंबर की शाम की है, जब मीनाक्षी अपनी बच्ची के साथ छत पर खेल रही थीं। शेड की चादरें तोड़ते हुए गिर पड़ीं
परिजनों ने बताया कि खेलते समय बच्ची का बैलून पड़ोसी के शेड पर गिर गया। बैलून उतारने के प्रयास में मीनाक्षी बालकनी की बाउंड्री पार कर शेड पर उतरने लगीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे शेड की चादरें तोड़ते हुए नीचे पड़ोसी के घर में गिर पड़ीं। डॉक्टर बोले- सिर में खून जम गया था
हादसे के बाद परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने से अंदर खून जम गया था, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। तीन साल पहले हुई थी मीनाक्षी की शादी
मीनाक्षी की शादी तीन साल पहले हुई थी और दो साल पहले उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया था। छुट्टियों के चलते वे इन दिनों भोपाल आई हुई थीं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


