कांग्रेस की समन्वयक समिति बैठक, पेड़ कटाई पर पुतला दहन:धार में उमंग सिंघार बोले- मतदाता सूची में हेरफेर और योजनाओं के नाम बदले जा रहे

धार जिला मुख्यालय पर सोमवार को जिला कांग्रेस की समन्वयक समिति की बैठक हुई। इसमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और मध्य प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी उषा नायडू सहित जिलेभर के विधायक, जिला व ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘SIR’ के नाम पर मतदाता सूची में नाम काटने और जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है और पार्टी को एकजुटता से काम करना होगा। सरकार योजनाओं के नाम बदल रही
सिंघार ने मनरेगा सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के नाम बदलने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के नाम बदलकर अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को युवाओं और बेरोजगारों से उनकी वास्तविक स्थिति के बारे में पूछना चाहिए। सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार केवल नाम बदलने और जुमलेबाजी की राजनीति कर रही है। राज्य सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार कर्ज में डूबी हुई है और जनहित की योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। पेड़ कटाई के विरोध में पुतला दहन किया
मुख्यमंत्री के धार दौरे पर उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन का स्वागत करती है, लेकिन मुख्यमंत्री को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि मेडिकल कॉलेज कब तक बनकर तैयार होगा, ताकि जिले की जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धार बस स्टैंड पर पेड़ कटाई के विरोध में पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम” नारे को दिखावा बताते हुए “मोदी-अडानी भाई-भाई” के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *