पन्ना जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में ‘क्लीन स्वीप’ अभियान जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने अजयगढ़ वृत्त के ग्राम पिस्टा में दबिश देकर भारी मात्रा में उत्तर प्रदेश निर्मित अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिस्टा में बड़े पैमाने पर उत्तर प्रदेश की शराब बेची जा रही है। नवनियुक्त उपनिरीक्षक विक्रांत जैन ने इस सूचना की पुष्टि की। इसके बाद सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव के नेतृत्व में टीम ने आरोपी रविंद्र अवस्थी (50 वर्ष) के खेत स्थित मकान पर तड़के छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी रविंद्र अवस्थी ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर टीम को रोकने की कोशिश की। हालांकि, आबकारी टीम की सख्ती के बाद उसके पास से अवैध शराब की पूरी दुकान बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान रविंद्र अवस्थी के ठिकाने से कुल 56.6 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसमें उत्तर प्रदेश निर्मित मस्तीह देशी मसाला, मेरी लैला और हैवर्ड्स 5000 बियर केन शामिल हैं। इसी क्रम में, सुनील शुक्ला के संगम ढाबे से भी कुल 52.62 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। उसके पास से गोवा व्हिस्की, पॉवर बियर और उत्तर प्रदेश निर्मित टेट्रा पैक जब्त किए गए। जब्त की गई शराब की मात्रा अधिक होने के कारण दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों को अजयगढ़ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल जाटव, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय, विक्रांत जैन, आरक्षक स्मिता ठाकुर, कुलदीप जाटव, रवि प्रकाश मिश्रा और नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, मोतीलाल प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


