सलूंबर के झल्लारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लसाडिय़ा ने सोमवार को मातासुला मंडल की बैठक आयोजित की। यह बैठक नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता की उपस्थिति में मातासुला पंचायत के केदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में मातासुला मंडल की सभी पंचायतों के सरपंच, पंच, गमेती, पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसका मुख्य उद्देश्य जिला कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन, संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों की रणनीति बनाना था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को पार्टी से जोड़ने, उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने और आगामी चुनावों में उन्हें आगे लाने पर विशेष बल दिया। पार्टी को गठबंधन से मुक्त रखकर स्वतंत्र रूप से मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने वर्तमान सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना का नाम बदलना जनता के साथ धोखा है। मेहता ने श्रमिकों, कारीगरों और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं के लंबित भुगतानों, किसानों को खाद की किल्लत और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली-पानी की गंभीर समस्याओं का भी बात की। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इन जनसमस्याओं को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी। जिला अध्यक्ष परमानंद मेहता का क्षेत्र में प्रथम आगमन पर मंडल अध्यक्ष द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस की परंपरा के अनुसार, उन्हें प्रतीक चिन्ह और उपरणा पहनाकर सम्मानित किया गया। बैठक में पूर्व विधायक नगराज मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह, मनोज उपाध्याय, एसटी जिला अध्यक्ष अशोक मीणा, प्रधान धूलिराम मीणा, मातासुला मंडल अध्यक्ष हेमराज, झल्लारा मंडल अध्यक्ष वालजी पटेल, जगदीश भंडारी, गणेश मेहता, देवीलाल जोशी, शंकरलाल मीणा, रामलाल, अनार सिंह, भूपेश कलाल, पूंजीलाल, मांगीलाल सालवी, राजेश मेघवाल, पप्पूलाल, मेघा मीणा, गजेंद्र सिंह और महेंद्र मीणा सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


