सिरोही में सांसद खेलकूद महोत्सव कल:केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह करेंगे उद्घाटन, 1160 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

सिरोही शहर के अरविंद पवेलियन में 23 से 25 दिसंबर तक लोकसभा स्तरीय सांसद खेलकूद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह मंगलवार सुबह 10 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। इस महोत्सव में जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के 1160 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। भाजपा मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि यह प्रतियोगिता जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभाओं के विजेता खिलाड़ियों के लिए है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 145 खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी और जिला संयोजक गणपतसिंह राठौर ने बैठक की। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को आवास, भोजन, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उद्घाटन समारोह में जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि, भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहेंगे। सांसद लुंबाराम चौधरी ने बताया कि इस खेलकूद महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। इसका लक्ष्य खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। सांसद चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रतियोगिता में अनुशासन और खेल भावना को सर्वोपरि रखा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *