नहर खुदाई के लिए विस्फोट; बाइक सवार पर गिरा पत्थर:युवक गंभीर रूप से घायल, बाइक को भी नुकसान

रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में नहर खुदाई के दौरान की जा रही ब्लास्टिंग एक युवक के लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गई। ब्लास्टिंग के दौरान हवा में उड़े पत्थर सड़क से गुजर रहे बाइक सवार युवक पर आकर गिर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक टीकर गांव में नहर की खुदाई का काम चल रहा है। इस दौरान पत्थर तोड़ने के लिए निर्माण एजेंसी द्वारा ब्लास्टिंग की जा रही थी, लेकिन मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। ब्लास्टिंग होते ही पत्थर काफी ऊंचाई तक उछले और पास से गुजर रहे युवक पर गिर पड़े। बाइक को भी नुकसान
हादसे में युवक सड़क पर गिर गया, जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्लास्टिंग के समय न तो सड़क को रोका गया था और न ही कोई चेतावनी या सुरक्षा घेरा लगाया गया था। इसी लापरवाही के चलते यह गंभीर हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं गोविंदगढ़ पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर डीएसपी उदित मिश्रा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बड़ा सवाल यह है कि नहर खुदाई जैसे संवेदनशील कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *