विदिशा विधायक ने गांव में पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की शिकायत:पेंशन, आवास और राजस्व मामलों पर निराकरण के निर्देश

विदिशा में अहमदपुर कस्बा पंचायत में आयोजित सुशासन शिविर में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याएं सामने आईं। यह शिविर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म स्मृति में सुशासन सप्ताह के तहत ‘सुशासन गांव की ओर’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जन शिकायतों का त्वरित समाधान करना था। शिविर में विदिशा विधानसभा के विधायक मुकेश टंडन, जनपद पंचायत विदिशा के अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, जिला पंचायत सदस्य धनराज दांगी सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन न मिलने, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरण, राशन पात्रता पर्ची में नाम जुड़वाने और काटे जाने की शिकायतें कीं। कई हितग्राहियों ने पात्र होने के बावजूद वर्षों से आवास का लाभ न मिलने की बात कही। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व मामलों में देरी को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की। विधायक मुकेश टंडन ने राजस्व अधिकारियों को इन मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। विधायक ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रखने का निर्देश दिया। शिविर के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा, ताकि उनका जल्द से जल्द निराकरण हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *