बीजापुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 150वीं बटालियन ने मिनगट्टा गांव में सघन तलाशी अभियान (CASO) चलाकर नक्सलियों को बड़ा झटका दिया है। इस अभियान के दौरान नक्सलियों की एक राइफल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर 20 दिसंबर 2025 को चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट रौशन झा और अजय कुमार ने किया। जवानों ने जंगल के भीतर एक प्रमुख नक्सली ठिकाने का भी पर्दाफाश किया। नक्सलियों के ठिकाने से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बरामदगी में 8 एकल शॉट राइफल, 8 वीएचएफ सेट, वेल्डिंग मशीन और कटर मशीन शामिल हैं। इसके अलावा, आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जैसे एएनएफओ, कॉर्डेक्स, डेटोनेटर, नक्सली वर्दी और प्रतिबंधित साहित्य भी मिले। इस ठिकाने का उपयोग नक्सलियों द्वारा हथियारों के निर्माण और विस्फोटक तैयार करने के लिए किया जा रहा था। सीआरपीएफ जवानों ने घने जंगल और दुर्गम इलाकों में अत्यंत पेशेवर तरीके से इस अभियान को अंजाम दिया। तलाशी अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से एफओबी पलागुड़ा लौट आए। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।


