श्रीसांवलिया जी में चौथे राउंड में पूरी हुई काउंटिंग:29.32 करोड़ रुपयों की गिनती, एक क्विंटल चांदी भी मिली

मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में आज सोमवार को भंडार की चौथे और अंतिम राउंड की काउंटिंग पूरी कर ली गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आज के चौथे राउंड में 49 लाख 84 हजार 395 रुपए की गिनती हुई, जबकि चारों राउंड मिलाकर भंडार और ऑनलाइन माध्यम से कुल 29 करोड़ 32 लाख 4 हजार 920 रुपए की प्राप्ति दर्ज की गई। पूरे दिन चली इस गिनती प्रक्रिया के दौरान मंदिर परिसर में पूरी व्यवस्था और शांति बनी रही तथा सभी काम निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हुए। आज सोमवार को हुए चौथे राउंड की काउंटिंग में मिली 49 लाख से ज्यादा की राशि ने कुल आय को और मजबूत किया। गिनती के दौरान हर बंडल की जांच की गई और राशि को विधिवत रजिस्टर में दर्ज किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही चौथे राउंड के आंकड़ों की पुष्टि की। चारों राउंड के बाद भंडार से 22 करोड़ से अधिक मिले चारों राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद यह सामने आया कि केवल भंडार से इस महीने 22 करोड़ 80 लाख 69 हजार 395 रुपए की प्राप्ति हुई है। भंडार के अलावा मंदिर के कार्यालय और भेंटकक्ष से नगद व ऑनलाइन माध्यम को मिलाकर 6 करोड़ 51 लाख 35 हजार 525 रुपए की प्राप्ति हुई है। यानी कुल 29 करोड़ 32 लाख 4 हजार 920 रुपए प्राप्त हुए। सोना-चांदी सहित अन्य भेंटों का हुआ तौल नकद राशि के साथ-साथ मंदिर को कीमती धातुओं की भी अच्छी प्राप्ति हुई है। भंडार से कुल 1250 ग्राम सोना और 44 किलो 400 ग्राम चांदी प्राप्त हुई, जबकि भेंटकक्ष में 535 ग्राम 910 मिलीग्राम सोना और 55 किलो 444 ग्राम चांदी जमा हुई। इसके अलावा फॉरेन करेंसी और चेक भी मिले हैं, जिन्हें नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है। पिछले साल की तुलना में इस बार आय में बढ़ोतरी पिछले साल इसी अमावस्या पर खोले गए भंडार से करीब 17 करोड़ 73 लाख रुपए तथा ऑनलाइन व भेंटकक्ष से 5 करोड़ 38 लाख रुपए की प्राप्ति हुई थी। इस बार चौथे राउंड की काउंटिंग के साथ कुल आंकड़ा उससे कहीं ज्यादा पहुंच गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *