पाली के एक सरकारी हॉस्पिटल में खुलेआम शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर हॉस्पिटल प्रभारी मौके पर पहुंचे और शराब के जाम छलका रहे कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ा। घटना का आज एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बेड पर शराब की बोतल और गिलास साफ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अफसरों को देख आरोपी भाग गए, जिससे उनका मेडिकल नहीं हो पाया। घटना में लिप्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को एपीओ किया गया, वहीं अन्य 108 एम्बुलेंस के चालक को नौकरी से हटा दिया है। दोनों के खिलाफ सिरियारी थाने में भी रिपोर्ट दी गई है। घटना जिले के सिरियारी गांव में शनिवार देर शाम करीब पौने आठ बजे की है। गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 108 एम्बुलेंस के चालक राजू के लिए आपातकालीन सेवाओं के तहत एक कमरा अलॉट किया गया है। इसी कमरे में मरीज के बेड पर हॉस्पिटल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रणवीर सिंह और राजू शराब पार्टी कर रहे थे। दोनों ने बेड पर ही शराब की बोतल और गिलास रखे और जाम छलकाने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ कर शराब पार्टी का वीडियो बना लिया। सीएमएचओ ने एक कार्मिक को नौकरी से हटाया
मामला चिकित्सा प्रभारी मंगल सिंह तक पहुंचा तो वे भी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी जीत कुमार गुर्जर ने जिला चिकित्सा प्रभारी(CMHO) विकास मारवल को सूचना दी। जिस पर CMHO ने मामले को गंभीर मानते हुए सिरियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रणवीर सिंह को APO कर मुख्यालय पाली कर दिया। वहीं मामले में 108 कार्मिक राजू को तुरंत प्रभाव से हटा दिया। चिकित्सा प्रभारी बोले- हॉस्पिटल की साख को पहुंचाया नुकसान
सिरियारी चिकित्सा प्रभारी मंगल सिंह ने बताया- हॉस्पिटल के कमरे से शराब पार्टी की सामग्री को जब्त कर लिया है। घटना में शामिल दो कार्मिकों के खिलाफ सिरियारी थाने में रिपोर्ट दी है। हॉस्पिटल परिसर में शराब पार्टी कर उन्होंने हॉस्पिटल की साख को नुकसान पहुंचाने का काम किया। ऐसे में दोनों के खिलाफ CMHO स्तर पर कार्रवाई की गई हैं।


