मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत जालोर क्लब में रविवार को जिला स्तरीय समारोह हुआ। इस दौरान बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के अंत में आहोर विधायक छगनसिंह, जिला कलेक्टर डॉ प्रदीप के गवांडे व एसपी एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने जिले के कुल 168 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने जिला स्तरीय समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा कनिष्ठ लेखाकार, टीआरए, कॉन्स्टेबल, सीएचओ के पदों पर चयनित हुए 168 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सेवा और समर्पण भाव से अपने कर्तव्य व दायित्व का निर्वहन करते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा- सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका हैं। अतः आमजन के हितार्थ अपने-अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यक्रम में एलईडी के माध्यम से बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। समारोह में जिला कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे, पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नन्द किशोर राजोरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निशा कुट्टी ने किया। इस अवसर पर कोषाधिकारी गिरधारी राम गोदारा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रमाशंकर भारती, विधुत विभाग के एक्सईएन शंकरलाल सुथार, जिला रोजगार अधिकारी ललित मेवाड़ा, अतिरिक्त कोषाधिकारी संदीप कुमार, सहायक लेखाधिकारी पीराराम सोनी, सुरेश टेलर सहित जनप्रतिनिधि-अधिकारी एवं नवचयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।


