राजपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना तहसील कार्यालय के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण हुई, जहां बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। जानकारी के अनुसार, बाइक क्रमांक CG15 E 8111 का चालक राजपुर से रामानुजगंज की ओर जा रहा था। तहसील कार्यालय के पास सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG15 EE 2549 ने उसे कुचल दिया, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक पुलिस कब्जे में, ड्राइवर फरार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। धीमी सड़क निर्माण से बढ़ी दुर्घटनाएं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि सड़क की स्थिति बेहतर होती, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। राजपुर शहर की सीमा गेउर नदी से तहसील कार्यालय तक मानी जाती है, और इस दायरे में राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण शहरवासी धूल, बीमारियों और लगातार हो रही दुर्घटनाओं से जूझ रहे हैं।


