सवाई माधोपुर की चौथ का बरवाड़ा पुलिस ने स्मैक ले जाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मलखान (64) पुत्र पीरु जाति तेली निवासी सारसोप को गिरफ्तार किया है। चौथ का बरवाड़ा थानाधिकारी हरभान सिंह ने बताया कि चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से एक व्यक्ति के अवैध मादक पदार्थ स्मैक ले जाने की सूचना मिली। सूचना पर बरवाड़ा पुलिस सारसोप अमन होटल के पास पहुंची। जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पुलिस टीम को चैकिंग के दौरान आरोपी के पास 1.64 ग्राम स्मैक (हैरोइन) व एक टच स्क्रीन मोबाइल, एक लाल रंग की छोटी डायरी, एक आईकार्ड पर्स, जिसमें एक जनआधार कार्ड व 1930 रूपए मिले। आरोपी से स्मैक के बारे में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है।


