कपूरथला मॉडर्न जेल में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान में जेल प्रशासन को फोन मिले हैं। जेल की अलग-अलग बैरकों में बंद एक कैदी और एक हवालाती के पास से प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया है। जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई तलाशी में हवालाती अमृतपाल सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से एक फोन और 54 ग्राम तंबाकू मिला। अमृतपाल जालंधर के गांव नंगल शामा का रहने वाला है। इसी तरह, सहायक सुपरिटेंडेंट किरपाल सिंह ने सीआरपीएफ और जेल गार्ड की टीम के साथ की गई तलाशी में कैदी चन्नदीप सिंह उर्फ चन्न के पास से एक फोन और इयरफोन बरामद किया। चन्नदीप होशियारपुर के गांव भाना का निवासी है। जेल प्रशासन ने बरामद किए गए सभी प्रतिबंधित सामान को अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना जेल के उच्चाधिकारियों और थाना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


