बालोद| बाबा गुरु घासीदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम सिर्री एवं ग्राम कोसा में पंथी नृत्य प्रतियोगिता का समापन हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर शामिल हुईं। विभिन्न गांवों से आई पंथी नृत्य टोलियों ने प्रस्तुति दी। सफेद धोती और घुंघरू पहने कलाकारों ने पिरामिड बनाकर बाबा गुरु घासीदास के जयकारे लगाए। तारणी ने कहा कि पंथी नृत्य केवल एक सांस्कृतिक कला नहीं, बल्कि बाबा गुरु घासीदास के मनखे-मनखे एक समान के संदेश को आत्मसात करने का माध्यम है। आज की युवा पीढ़ी ने अपनी संस्कृति और परंपरा को सहेज कर रखा है। कलाकारों की ऊर्जा, समर्पण और अनुशासन देखकर गर्व की अनुभूति होती है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पंथी नृत्य दलों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति कांति सोनेश्वरी, जनपद पंचायत गुंडरदेही सदस्य संध्या, संजय बारले, महासचिव संजय जोशी मौजूद थे।


