झाड़-फूंक कराने ले जाने से नाराज दामाद 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा

भास्कर न्यूज | बालोद सोमवार को सुबह 8 बजे बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुवरबोड़ में ससुराल में रह रहे पूना राम मंडावी (40 वर्ष) गांव की जल जीवन मिशन के तहत निर्मित 60 फीट ऊंची नई पानी टंकी पर चढ़ गया। जिसे दोपहर 12 बजे तंबाकू का लालच देकर नीचे उतारा गया। इस दौरान ड्रामा, हंगामा का दौर चलता रहा। पुलिस मौके पर पहुंची तब परिजनों ने जानकारी दी कि पूनाराम एक सप्ताह से मानसिक रूप से बीमार था। उसे झाड़-फूंक के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। इस घटना से गांव में 4 घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। टंकी पर एक युवक चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही युवक टंकी के भीतर पानी में उतर गया। जिससे हालात और गंभीर हो गई। ग्रामीणों की सूझबूझ से उसे सुरक्षित नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। टंकी पर चढ़े युवक को अपने स्तर पर ग्रामीणों और गांव के प्रमुखों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह किसी की बात नहीं मान रहा था। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने बालोद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पानी टंकी का ढक्कन खोलकर अंदर घुस गया पुलिस के अनुसार रेस्क्यू टीम के पहुंचते ही युवक ने पानी टंकी का ढक्कन खोल दिया और अंदर पानी में उतर गया। हालात को देखते हुए आनन-फानन में टंकी का वाल्व खोलकर पानी बाहर निकाला गया। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसे एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल बालोद लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को आगे के इलाज के लिए बिलासपुर स्थित मेंटल हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी है। इस पर विचार कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *