अच्छी शिक्षा और संस्कार ही जीवन को सही दिशा दिखाते हैं : डीईओ

भास्कर न्यूज| गढ़वा गढ़वा जिले के आर के पब्लिक स्कूल हूर में सोमवार को प्रथम वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास। के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं संदेशपरक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वा जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने अपने संबोधन में कहा कि अच्छी शिक्षा और संस्कार ही जीवन को सही दिशा देते हैं। समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि आर.के. पब्लिक स्कूल जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के लिए एक सशक्त पहचान बना चुका है। विद्यालय के निदेशक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में जीवन के संस्मरण साझा करते हुए छात्रों एवं अभिभावकों को कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, सकारात्मक मार्गदर्शन और संस्कार देना प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है। क्योंकि मजबूत नींव पर ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने सभी को आने वाले नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि कैसर रजा ने निदेशक अलखनाथ पांडेय की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए जिले में शिक्षा का अलख जगाने का सराहनीय कार्य किया है। जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गणेश स्तुति, पर्व-त्योहारों पर आधारित सामूहिक नृत्य, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मोबाइल के दुष्प्रभाव, गायन, लोक नृत्य सहित अनेक प्रस्तुतियां दी गईं। इन कार्यक्रमों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि सामाजिक संदेश भी दिया। जिसकी सभी ने जमकर सराहना की। विद्यालय की प्राचार्या नसरीन हक एवं उनकी पूरी टीम का आयोजन में योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *