कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय घेरा, केंद्र पर ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप

भास्कर न्यूज | गिरिडीह कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया। घेराव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक द्वेष से प्रेरित होकर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए कर रही है। जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है, जो पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध है। केडिया ने कहा कि यदि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। गिरिडीह| महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को गिरिडीह में प्रदर्शन किया। टावर चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने किया। इसमें बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में महात्मा गांधी की तस्वीरें लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और बेरोजगारों के लिए जीवनरेखा है। इसे महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर उन्हें सम्मान दिया गया था। जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महात्मा गांधी से जुड़े प्रतीकों और योजनाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है और मनरेगा का नाम बदलना उसी दिशा में कदम है। महिला कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मसम्मान दिया है, इसलिए इसके नाम या स्वरूप में बदलाव स्वीकार्य नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *