छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ किया शिक्षा संवाद

भास्कर न्यूज | गिरिडीह सर जेसी बोस मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में सोमवार को विशेष अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया। बैठक का उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार, उपस्थिति एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करना था। विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज़ अहमद तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी मो वसीम अहमद थे। विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया। मुख्य अतिथि डॉ. सरफराज़ अहमद ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास पर बल देते हुए कहा कि बच्चों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करना आज की आवश्यकता है। जेसीईआरटी द्वारा आयोजित प्री-बोर्ड एवं एसए-1 परीक्षा के टॉपर्स, सीसीए में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा नियमित उपस्थिति के लिए प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों, एसएमसी अध्यक्ष व सदस्यों तथा सहयोगी अभिभावकों को भी अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन छात्रा प्रगति कुमारी एवं महक परवीन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक अख्तर अंसारी ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *