विदिशा के गुलाबगंज में एक अंधे कत्ल का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी को नंदकिशोर कुशवाहा अपने घर के बाहर बेहोश मिले थे। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के गले पर निशान मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में सामने आया कि लिगेचर मटेरियल से गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच में पड़ोसी प्रीतम कुशवाह और कमलेश कुशवाह पर शक हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। इस दौरान कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया। उन्होंने बताया कि साड़ी से बनी रस्सी का इस्तेमाल कर दोनों ने नंदकिशोर की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


