मिस इंडिया फैशन फेम विनर बनीं ईशा रानी, लोहरदगा का नाम किया रोशन

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिले की प्रतिभाशाली बेटी ईशा रानी ने 21 दिसंबर को रांची के हवेली रेजीडेंसी में आयोजित भव्य फैशन शो में “मिस इंडिया फैशन फेम विनर” का खिताब जीतकर जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार, कोलकाता, बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें झारखंड की ओर से लोहरदगा की ईशा रानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। ईशा रानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे लोहरदगा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। एनएसयूआई लोहरदगा की स्टार और उभरती प्रतिभा ईशा रानी की मेहनत, आत्मविश्वास और मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति ने उन्हें यह मुकाम दिलाया, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। सोमवार सुबह 10 बजे ईशा रानी के रांची से लोहरदगा मेमो ट्रेन द्वारा पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनौवर आलम के नेतृत्व में जिला एनएसयूआई कमेटी ने फूल-मालाओं और बुके के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ईशा रानी की जीत पर एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि झारखंड की बेटियाँ किसी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। वहीं जिलाध्यक्ष मनौवर आलम ने इसे पूरे लोहरदगा के लिए गर्व का विषय बताया। इस अवसर पर एनएसयूआई के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे और ईशा रानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *