भास्कर न्यूज|लोहरदगा कानपुर (उत्तर प्रदेश) के नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज के प्रार्थना सभागार में शोतोकान स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया व कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के बैनर तले सातवीं ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से करीब 850 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में झारखंड के लोहरदगा जिले से एसएस स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन व लोहरदगा जिला कराटे संघ के 20 चयनित खिलाड़ियों ने काता, कुमिते और टीम कुमिते स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 36 पदक (18 गोल्ड, 9 सिल्वर और 9 ब्रांज) अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर लोहरदगा की टीम ने ऑल ओवर इंडिया में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले व राज्य का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट (झारखंड) श्रवण साहू व प्रशिक्षक सेंसाई सुर्यावती देवी ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रशिक्षण और आत्मविश्वास ही इस सफलता की कुंजी है। गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ियों में सानिया परवीन, रजनी उरांव, रियांशी कुमारी, नैना कुमारी, कौशल उरांव, मृगांक वैभव, यश उरांव, निखिल कुमार साहू, प्रियांशु सिंह, निर्मल राज, मो. जुनेद राजा अंसारी व उमर अंसारी शामिल रहे। वहीं सिल्वर और ब्रांज वर्ग में भी लोहरदगा के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर पदक जीते। टीम कुमिते में भी लोहरदगा की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस सफलता से लोहरदगा जिले में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


